India’s electric vehicle sales surged in July 2026, with strong growth in electric two-wheelers and passenger EVs. Rising EV adoption is increasing electricity demand while gradually reshaping petrol and diesel consumption patterns, accelerating India’s clean energy transition.
भारत में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) क्रांति अब केवल ऑटोमोबाइल उद्योग तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि इसका असर देश के ऊर्जा क्षेत्र पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर (E2W) और इलेक्ट्रिक पैसेंजर वाहनों (ePV) की बिक्री में मजबूत वृद्धि ने यह संकेत दिया है कि परिवहन क्षेत्र धीरे-धीरे पेट्रोल और डीजल आधारित ईंधनों से बिजली आधारित मोबिलिटी की ओर बढ़ रहा है।
सरकारी वाहन (Vahan) पोर्टल के अनुसार जुलाई 2026 में देशभर में करीब 1.73 लाख इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर रजिस्टर हुए। यह पिछले वर्ष की तुलना में 68% की वृद्धि दर्शाता है। हालांकि जून 2026 के मुकाबले बिक्री में लगभग 11% की मासिक गिरावट रही, जिसे उद्योग विशेषज्ञ जून में उच्च आधार और डीलर इन्वेंट्री एडजस्टमेंट से जोड़ रहे हैं।
ईवी कार पंजीकरण में पिछले वर्ष की तुलना में 73% की वृद्धि दर्ज की गई और यह आंकड़ा 31,138 यूनिट तक पहुंच गया, हालांकि बिक्री में पिछले महीने की तुलना में थोड़ी कमी आई। नुवामा की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह मजबूत वृद्धि इलेक्ट्रिक कारों में कस्टमर्स की बढ़ती रूचि को दिखाती है, जिसे विभिन्न मूल्य श्रेणियों में उपलब्ध मॉडलों की बढ़ती श्रृंखला का समर्थन प्राप्त है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त वर्ष 2027 के पहले चार महीनों में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों (ई-पीवी) के पंजीकरण में लगभग दोगुनी वृद्धि हुई है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 62,808 इकाइयों से बढ़कर 119,343 इकाइयों तक पहुंच गई है, यानी इसमें साल-दर-साल 90% की वृद्धि हुई है।
इस बदलाव के कारण एक ओर बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल की मांग की वृद्धि दर पर दबाव दिखाई देने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही रुझान जारी रहा तो आने वाले वर्षों में भारत की ऊर्जा खपत का स्वरूप तेजी से बदल सकता है।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर और कारों की बढ़ती लोकप्रियता
जुलाई 2026 में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट (EV Sales July 2026) ने सबसे मजबूत प्रदर्शन किया। कम परिचालन लागत, बेहतर बैटरी तकनीक, लंबी रेंज, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार और सरकारी प्रोत्साहनों ने उपभोक्ताओं को EV अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, इलेक्ट्रिक कार बाजार में भी नए मॉडल और बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने बिक्री को नई गति दी।
ऑटो उद्योग के जानकारों का कहना है कि शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की स्वीकार्यता तेजी से बढ़ रही है।
बिजली की मांग में बढ़ोतरी
भारत में पिछले कुछ वर्षों से बिजली की अधिकतम मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। उद्योग, एयर कंडीशनिंग और शहरीकरण के साथ अब इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग भी बिजली की मांग बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण कारक बनती जा रही है।
हर महीने लाखों नए EV सड़क पर आने से सार्वजनिक और घरेलू चार्जिंग नेटवर्क (domastic charging network) पर लोड बढ़ रहा है। यही वजह है कि सरकार और निजी कंपनियां चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट ग्रिड और बैटरी स्टोरेज में बड़े निवेश कर रही हैं।
पेट्रोल और डीजल की मांग पर दबाव
भारत अभी भी दुनिया के सबसे बड़े तेल उपभोक्ता देशों में शामिल है, लेकिन इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती हिस्सेदारी Transport sector में पेट्रोल और डीजल की मांग के स्वरूप को बदल रही है।
विशेष रूप से दैनिक आवागमन में उपयोग होने वाले दोपहिया और निजी कारों के इलेक्ट्रिक होने से पेट्रोल की खपत की वृद्धि पहले की तुलना में धीमी पड़ सकती है। इससे भविष्य में कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने और ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी।
ऊर्जा मांग का नया दौर
ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार, भारत अब ऐसे दौर में प्रवेश कर चुका है जहां परिवहन क्षेत्र में ऊर्जा का स्रोत तेजी से बदल रहा है। पेट्रोलियम ईंधनों की जगह बिजली आधारित परिवहन का विस्तार ऊर्जा नीति, बिजली उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा और चार्जिंग नेटवर्क के महत्व को और बढ़ा रहा है।
इसी रणनीति के तहत सरकार एक ओर घरेलू तेल एवं गैस उत्पादन बढ़ाने के लिए ऑफशोर अन्वेषण योजनाओं को आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, बैटरी निर्माण और ग्रीन एनर्जी को भी समान प्राथमिकता दे रही है।
