Gail logo
Gail logo

नई दिल्ली: देश की प्रमुख गैस कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों (1 अप्रैल से 31 दिसंबर 2025) के दौरान ₹5,706 करोड़ का शुद्ध लाभ (PAT) दर्ज किया है। कंपनी ऑपरेशन से आय इस अवधि में ₹1,03,899 करोड़ रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में ₹1,01,580 करोड़ थी। हालांकि तीसरी तिमाही में कंपनी के नतीजे बहुत अच्छे नहीं रहे और कंपनी का शुद्ध लाभ 27 परसेंट गिरकर 1603 करोड रुपये रहा।

नौ महीनों के दौरान कंपनी का कर-पूर्व लाभ (PBT) ₹7,387 करोड़ रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में यह ₹12,123 करोड़ था। उल्लेखनीय है कि वित्त वर्ष 2024-25 में एम/एस एसएमटीएस के साथ मध्यस्थता समझौते से ₹2,440 करोड़ की एकमुश्त असाधारण आय शामिल थी, जिसके कारण तुलनात्मक आंकड़ों में अंतर दिखाई देता है।

तिमाही आधार पर प्रदर्शन
अक्टूबर-दिसंबर 2025 की तिमाही (Q3 FY26) में गेल की परिचालन से आय ₹34,076 करोड़ रही, जो पिछली तिमाही में ₹35,031 करोड़ थी। इस तिमाही में कर-पूर्व लाभ ₹2,030 करोड़ और शुद्ध लाभ ₹1,603 करोड़ रहा, जबकि पिछली तिमाही में PAT ₹2,217 करोड़ था।

परिचालन के मोर्चे पर, तिमाही के दौरान औसत प्राकृतिक गैस ट्रांसमिशन वॉल्यूम 125.45 एमएमएससीएमडी रहा, जो पिछली तिमाही में 123.59 एमएमएससीएमडी था। गैस मार्केटिंग वॉल्यूम 103.98 एमएमएससीएमडी रहा। एलएचसी (LHC) की बिक्री 200 टीएमटी और पॉलिमर बिक्री 218 टीएमटी दर्ज की गई।

कंसॉलिडेटेड नतीजे
कंसॉलिडेटेड आधार पर, नौ महीनों में परिचालन से आय ₹1,06,389 करोड़ रही। इस अवधि में कर-पूर्व लाभ ₹7,759 करोड़ और गैर-नियंत्रण हितों को छोड़कर शुद्ध लाभ ₹6,098 करोड़ दर्ज किया गया। वहीं, Q3 FY26 में कंसॉलिडेटेड PAT ₹1,756 करोड़ रहा।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और विस्तार
गेल के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि Q3 FY26 के दौरान मुंबई–नागपुर–झारसुगुड़ा पाइपलाइन के 1,182 किलोमीटर हिस्से का कमीशनिंग पूरा किया गया। इसके साथ ही गेल का परिचालन प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क 18,000 किलोमीटर के आंकड़े को पार कर गया है। उन्होंने यह भी बताया कि GIFT सिटी में स्थित गेल की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी गेल ग्लोबल आईएफएससी लिमिटेड (GGIL) ने स्थापना के पहले ही वर्ष में सफलतापूर्वक अपने व्यावसायिक संचालन की शुरुआत कर दी है।

अंतरिम लाभांश की घोषणा
कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर ₹5 (फेस वैल्यू का 50%) का अंतरिम लाभांश घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *